पटना (हि..): आगामी 15 जनवरी से शुरु हो रहेएनडीए जिलास्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलनको लेकर शुक्रवार को बिहार जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश कार्यालय, पटना सेएनडीए रथको जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, हम (से) के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार, लोजपा (आर) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी एवं रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि एनडीए रथ प्रत्येक जिलों में जाकर हमारे कार्यकर्ताओं के बीच एकता और आपसी सामजंस्यता का संदेश पहुंचाएगा। उन्होंने कहा कि एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए हमारे तमाम कार्यकर्ता जी-जान से जुटें हुए हैं। एनडीए गठबंधन को सबसे निचली इकाई तक मजबूती प्रदान करना हमारा एकमात्र उद्देश्य है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि 15 जनवरी सेमिशन-2025’ का शंखनाद होगा और जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में बड़ी संख्या में हमारे एनडीए के तमाम कार्यकर्तागण शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सम्मेलन के जरिए एनडीए अपनी चट्टानी एकता का परिचय देगा और वर्ष 2025 में रिकाॅर्ड बहुमत से हमारी सरकार बनेगी।

लोजपा (आर) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि वर्ष 2025 विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में रिकॉर्ड बहुमत से एनडीए जीत दर्ज करेगा। हमारे तमाम कार्यकर्ता साथी बूथ स्तर तक पूरी तरह से मुस्तैद हैं, विपक्षी गठबंधन दूर-दूर तक लड़ाई में नजर नहीं आएगा।