नई दिल्ली (हि.स.): दिल्ली विधानसभा चुनावों में दो बार से खाता नहीं खोल पाने वाली कांग्रेस आज चुनाव तिथियों का ऐलान होने के बाद कुछ ज्यादा ही उत्साहित नजर आई। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने दावा किया कि आज दिल्ली में कांग्रेस की सरकार बनने की तारीख का ऐलान हो गया है। उन्होंने कहा कि आज उन तारीखों का भी ऐलान हुआ है, जब दिल्ली में सांसों का संकट खत्म होगा, दिल्ली कचरा मुक्त होगी, यमुना स्वच्छ और साफ बनेगी और दिल्ली अपराध मुक्त होगी। यह सब 5 फरवरी को दिल्ली की जनता द्वारा कांग्रेस को एकपक्ष मत देने के बाद दिल्ली के मतदाताओं के सहयोग से होगा।


देवेन्द्र यादव ने एक वक्तव्य में कहा कि आज दिल्ली में महिलाओं को 2500 रुपये मिलने की तारीखों का ऐलान हो गया है, दिल्ली को भ्रष्टाचार से मुक्ति मिलने का भी ऐलान हुआ है। आज दिल्ली में उन तारीखों का भी ऐलान हुआ है जब शीश महल गरीब जनता के लिए खोला जाएगा, शीश महल जनता के लिए खोलने के साथ हर गरीब परिवार का एक दिन के लिए शीश महल आशियाना भी बनेगा।


उन्होंने दावा किया कि आयोग ने आज उस तारीख का भी ऐलान किया है जब दिल्ली के लोग कांग्रेस की सरकार को देखने को आतुर हैं, वो समय भी दूर नहीं। 8 फरवरी, 2025 को दिल्ली की जागरूक जनता के समर्थन से कांग्रेस की सरकार बनेगी और कांग्रेस हर दिल्लीवासी के उसी भरोसे के साथ सेवा और जनता हर जरूरत पूरी करेंगी, जैसे मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के नेतृत्व में 15 वर्षों तक की थी।


उधर, प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिल्ली प्रभारी काजी निजामुद्दीन ने कहा कि 5 फरवरी की घोषणा विधानसभा चुनाव की नहीं बल्कि दिल्ली के लिए बड़ा दिन है। क्योंकि 11 वर्षों में भाजपा और आम आदमी पार्टी के आरोप प्रत्यारोप और मोदी-केजरीवाल के बीच की लड़ाई में जनता पिस रही है। 11 वर्षों में कूड़े के पहाड़, यमुना में प्रदूषित जल बढ़ना, प्रदूषण के सांसों का संकट, महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार इतना बढ़ा कि जनता इनसे छुटकारा चाहती है।


काजी निजामुद्दीन ने कहा कि कांग्रेस अपनी विश्वसनीयता के लिए जानी जाती है और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी में लोगों अपूर्ण विश्वास है क्योंकि कांग्रेस जो कहती है उसे पूरा करती है। इसी विश्वास के साथ दिल्ली में प्यारी दीदी योजना गारंटी की घोषणा कल कर्नाटक सरकार द्वारा सफल होने के आधार पर की है, हम दिल्ली में भी करके दिखाएंगे। अरविन्द केजरीवाल ने पंजाब में 3 साल से सरकार होने पर वहां 1000 रुपये महिलाओं को अभी तक नहीं दिए और मोदी का 15 लाख देने, काला धन वापस लाने, करोड़ों रोजगार देने, महंगाई कम करने का जो सपना दिखाया वो सब जुमला निकला।