प्रयागराज: बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक नीरज दौनेरिया ने प्लेसेस ऑफ वर्शिप एक्ट को समाप्त करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह कानून हिन्दुओं के साथ अन्याय और तुष्टीकरण की नीति का हिस्सा है, जिसे केवल मुस्लिम समुदाय को खुश करने के लिए लागू किया गया था।

 

त्रिशूल दीक्षा अभियान से युवा होंगे सशक्त:
दौनेरिया ने हिन्दू युवाओं से धर्म और देश की रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि देशभर के 10,000 प्रखंडों में त्रिशूल दीक्षा अभियान चलाया जाएगा, जिससे युवाओं में शौर्य, साहस और पराक्रम का संचार होगा। उन्होंने कहा कि हिन्दू अपने सनातनी मूल्यों पर गर्व करें और धर्मांतरण व लव जिहाद जैसी चुनौतियों से मुकाबला करने के लिए संगठित हों।

 

युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति चिंता का विषय:
नीरज दौनेरिया ने युवाओं में बढ़ती नशे की लत को गंभीर संकट बताया। उन्होंने कहा कि अर्बन नक्सलपंथी ताकतें हिन्दू युवाओं को संस्कारविहीन करने का प्रयास कर रही हैं। इसके अलावा, जनसंख्या असंतुलन को हिन्दू समाज के अस्तित्व के लिए खतरा बताया और युवाओं को समय पर विवाह करने और कम से कम तीन बच्चे पैदा करने की सलाह दी।

 

महाकुंभ में समरसता और भव्यता का नजारा:
प्रयागराज महाकुंभ 2025 के बारे में उन्होंने कहा कि यह 144 वर्षों बाद आया है और इसका भव्य आयोजन ऐतिहासिक है। महाकुंभ में जात-पात से ऊपर उठकर करोड़ों हिन्दू समरसता के साथ शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन की भव्यता और इसकी स्वचालित व्यवस्था अद्वितीय है।

 

योगी सरकार की व्यवस्थाओं की प्रशंसा:
दौनेरिया ने कहा कि योगी आदित्यनाथ एक संत और सन्यासी होने के कारण महाकुंभ के महत्व को भली-भांति समझते हैं। उनकी सरकार ने पहली बार इतनी भव्य व्यवस्थाएं की हैं कि यह आयोजन "न भूतो न भविष्यति" सिद्ध हो रहा है।