शिमला: भारत सरकार के केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने शुक्रवार को अपने एक दिवसीय शिमला दौरे के दौरान शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र का दौरा किया। यह केंद्र इस वर्ष अपनी स्थापना के 150 वर्ष पूरे कर रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर मंत्री ने केंद्र की उपलब्धियों की सराहना की और मौसम विभाग को बधाई दी। साथ ही उन्होंने यह भी घोषणा की कि भारत 2035 तक अंतरिक्ष में अपना खुद का स्टेशन स्थापित करेगा।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि इस केंद्र ने पिछले 150 वर्षों में अपनी कार्यक्षमता और प्रौद्योगिकी में सुधार के साथ भारत को मौसम पूर्वानुमान के क्षेत्र में वैश्विक मंच पर स्थापित करने में मदद की है। उन्होंने कहा कि यह केंद्र हिमालयी क्षेत्र के मौसम के अध्ययन और यहां के पर्यावरणीय बदलावों को समझने के लिए बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

2035 तक अंतरिक्ष में भारतीय स्टेशन
केंद्रीय राज्य मंत्री ने इस अवसर पर भारत के अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में एक नई और बड़ी योजना की घोषणा करते हुए कहा कि देश 2035 तक अंतरिक्ष में अपना स्थायी स्टेशन स्थापित करेगा। उन्होंने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना का नाम "भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन" होगा और इसे भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) द्वारा संचालित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना की शुरुआत पहले 2030 तक पूरी करने की योजना थी, लेकिन कोविड-19 महामारी और गगनयान क्रू स्पेसफ्लाइट मिशन में हुई देरी के कारण इसे 2035 तक स्थगित कर दिया गया है। यह स्टेशन भारत को अंतरिक्ष अनुसंधान और प्रौद्योगिकी में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा और देश को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा में मजबूती प्रदान करेगा।

डॉ. सिंह ने कहा कि मौसम विभाग ने तकनीकी उन्नति के साथ भारतीय कृषि, जलवायु परिवर्तन और आपदा प्रबंधन में बड़े बदलाव लाए हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आधुनिक मौसम विज्ञान तकनीकों ने देश में किसानों को सूखा, बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से बचाने में मदद की है।

मंत्री ने शिमला मौसम विज्ञान केंद्र के कर्मचारियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके समर्पण और मेहनत से यह केंद्र 150 वर्षों की इस यात्रा में केवल ऐतिहासिक बल्कि तकनीकी दृष्टिकोण से भी एक मिसाल बन चुका है।

उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में सरकार का उद्देश्य इस तरह के केंद्रों को और अधिक आधुनिक बनाना है, ताकि जलवायु परिवर्तन के खतरों का सही तरीके से आकलन किया जा सके।

अंतरिक्ष में भारतीय स्टेशन की योजना के बारे में बात करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि यह स्टेशन भारत को अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाएगा और वैश्विक अंतरिक्ष अनुसंधान में नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा।

मंत्री ने कहा कि अंतरिक्ष स्टेशन देश के युवाओं को अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगा।

-हि..-