अगर आवश्यक ना
हो तो घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी जाती है।
पूर्णिया: बिहार इन दिनों कड़ाके की ठंड
और घने कोहरे की चपेट में है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए कोल्ड डे, घना
कोहरा और शीत दिवस को लेकर अलग-अलग स्तर के अलर्ट जारी किए हैं। उत्तर और पूर्वी बिहार
के जिलों में सर्द हवाओं और सूरज न निकलने से लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। दिन
और रात के तापमान में अंतर तेजी से घट रहा है और न्यूनतम पारा कई जगहों पर 6 डिग्री
सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र, पूर्णिया
की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 24 घंटों में अररिया, बेगूसराय, भागलपुर,
दरभंगा, कटिहार, खगड़िया, किशनगंज, मधेपुरा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, सहरसा,
समस्तीपुर, सीतामढ़ी और सुपौल में कुछ स्थानों पर कोल्ड डे की स्थिति बनने की संभावना
जताई गई है।
इन इलाकों में चल रही बर्फीली हवाओं और दिन में भी तेज ठंड के कारण लोगों को काफी परेशानी
हो रही है।
19 जिलों में शीत दिवस का येलो
अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 29 दिसंबर
को बिहार के 19 जिलों में शीत दिवस (कोल्ड डे) के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इनमें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर,
दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, अररिया, पूर्णिया, कटिहार
और किशनगंज जिले प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन जिलों में दिनभर धूप न निकलने या बहुत
कम धूप निकलने और अधिकतम तापमान के सामान्य से काफी नीचे रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने इन जिलों के लोगों
से सतर्क और सावधान रहने की अपील की है। विशेषकर बुजुर्ग, बच्चे और पहले से बीमार लोग
इस मौसम में बेहद संवेदनशील माने जा रहे हैं, जिनके लिए गर्म कपड़े, इनडोर रहने और
विशेष सावधानी की जरूरत बताई गई है।
26 जिलों में घना कोहरा, ऑरेंज
अलर्ट
ठंड के साथ-साथ घना कोहरा भी
लोगों की मुसीबत बढ़ा रहा है। सोमवार के लिए मौसम विभाग ने पश्चिमी चंपारण, पूर्वी
चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, वैशाली,
समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया,
अररिया, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज में घने कुहासे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
कई इलाकों में सुबह के समय दृश्यता
काफी कम हो रही है। गया में घना कोहरा छाया रहा, जहां न्यूनतम दृश्यता घटकर मात्र
50 मीटर तक रह गई। अन्य स्थानों पर हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा दर्ज किया गया। कोहरे
के कारण सड़क, रेल और हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
पिछले 24 घंटे का तापमान और मौसम
की स्थिति
मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों
के अनुसार, पिछले 24 घंटों में बिहार में अधिकतम तापमान 13.4 से 19.8 डिग्री सेल्सियस
के बीच रिकॉर्ड किया गया। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस
डेहरी (रोहतास) में 27 दिसंबर को दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 6.8 से 13.4 डिग्री
सेल्सियस के बीच रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस 28 दिसंबर को राजगीर
(नालंदा) में रिकॉर्ड किया गया।
तापमान में पिछले 24 घंटों के
दौरान कोई खास बदलाव नहीं देखा गया है, जिससे यह संकेत मिल रहा है कि सर्दी का यह कहर
फिलहाल यूं ही जारी रहेगा। राज्य के अधिकतर हिस्सों में कोहरे का प्रभाव बना हुआ है
और कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई है।
क्यों बढ़ रही है ठंड? मौसम वैज्ञानिकों
की व्याख्या
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार,
इन दिनों पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडलीय पछुआ हवा के रूप में एक ट्रफ के रूप में
सक्रिय है, जिसका अक्ष समुद्र तल से लगभग 5.8 किलोमीटर ऊपर स्थित है। यह सिस्टम मोटे
तौर पर देशांतर 60 डिग्री के साथ अक्षांश 30 डिग्री उत्तरी क्षेत्र के ऊपर फैला हुआ
है। इसी सिस्टम के कारण पछुआ हवाएं जोर पकड़ रही हैं और उत्तर भारत से होते हुए बिहार
तक सर्द हवा पहुंच रही है।
इन हवाओं की वजह से न सिर्फ तापमान
में गिरावट आ रही है, बल्कि धूप भी ठीक से नहीं निकल पा रही। दिन और रात के तापमान
में अंतर घटने से शीत दिवस जैसी स्थिति बन रही है।
अगले सात दिन ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के
अनुसार, अगला एक सप्ताह बिहार के लिए कोहरे और ठंड दोनों के लिहाज से अहम रहने वाला
है।
- 29
दिसंबर: उत्तर बिहार के कुछ हिस्सों में घना कोहरा।
- 30
दिसंबर: उत्तर और दक्षिण-पश्चिम जिलों में घना कोहरा।
- 31
दिसंबर व 1 जनवरी: राज्य के अधिकांश जिलों में एक-दो स्थानों पर घना कोहरा।
- 2
जनवरी: पश्चिमी और मध्य जिलों में घना कोहरा।
- 3
जनवरी: उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य जिलों में घना कोहरा।
यानी नए साल की शुरुआत भी कोहरे
और ठंड के साये में होने वाली है।
लोगों और वाहन चालकों के लिए
सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क
और सावधान रहने की अपील की है। खासकर सुबह-शाम के समय अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह
दी गई है। वाहन चालकों को धीमी गति से चलने, फॉग लाइट का उपयोग करने और सड़क पर अचानक
ब्रेक लगाने से बचने की हिदायत दी गई है।
साथ ही, आम लोगों से कहा गया
है कि वे बच्चों और बुजुर्गों को विशेष तौर पर ठंड से बचाव के उपाय करें, शरीर को पूरी
तरह ढककर रखें, रात में तापमान के अनुसार बिस्तर और गर्म कपड़ों की व्यवस्था करें,
और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें।



Recent Comments