पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से ठीक पहले, जन सुराज पार्टी के भीतर
उठी बगावत ने बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी है। एक तरफ पार्टी के संस्थापक
सदस्य संजय केजरीवाल ने संगठन पर टिकट बिक्री और विचारधारा से भटकने
का गंभीर आरोप लगाया है, तो दूसरी ओर, खुद प्रशांत किशोर (पीके) ने अचानक चुनाव
न लड़ने का फैसला लेकर सबको चौंका दिया है।
आख़िर ऐसा क्या हो रहा है नई राजनीति के
इस वादे के भीतर?
क्या जन सुराज सचमुच “गांधी के रास्ते से भटक” चुकी है?
या फिर यह सब चुनाव से पहले की एक रणनीतिक चाल है?
आज हम करेंगे — इस पूरे विवाद का तथ्यात्मक
विश्लेषण, राजनीतिक असर, और जनता के लिए इसका मतलब समझने की कोशिश।
जन सुराज पार्टी की शुरुआत बड़े वादों के साथ हुई
थी —
“गांधी के विचारों पर आधारित, जनता-केंद्रित राजनीति।”
लेकिन अब, वही पार्टी चर्चा में है — भ्रष्टाचार,
टिकट बिक्री और अंदरूनी कलह के आरोपों को लेकर।
पार्टी के संस्थापक सदस्य और मुजफ्फरपुर नगर
विधानसभा क्षेत्र से संभावित प्रत्याशी रहे संजय केजरीवाल ने पार्टी छोड़
दी है। उनका दावा है कि — “जन सुराज अब विचारधारा से भटक चुकी है, और टिकट वितरण में
पैसे का खेल चल रहा है। मुझसे टिकट के बदले 40 लाख रुपये मांगे गए, और जब मैंने मना
किया, तो मेरा टिकट काट दिया गया।”
यह सिर्फ एक आरोप नहीं — बल्कि उस छवि पर सवाल
है, जिसे प्रशांत किशोर ने वर्षों की मेहनत से “नई राजनीति” के नाम पर गढ़ा था।
जन सुराज ने हाल ही में अपनी पहली प्रत्याशी सूची
जारी की, जिसमें मुजफ्फरपुर नगर सीट से डॉ. ए.के. दास को टिकट दिया गया। यहीं
से पार्टी के भीतर असंतोष फूट पड़ा।
संजय केजरीवाल का कहना है कि उन्होंने पार्टी को
जमीनी स्तर पर खड़ा किया, जनता में पकड़ बनाई — लेकिन टिकट उस व्यक्ति को दिया गया
जो महज़ 6 महीने पहले पार्टी में शामिल हुआ था।
अब सवाल उठता है —
क्या जन सुराज भी अब “पैसे और संपर्क की राजनीति” में फंस चुकी है?
या यह सब चुनाव से पहले की अंदरूनी चालबाज़ी है?
संजय केजरीवाल का आरोप है कि — “जो पार्टी गांधी
के विचारों की बात करती थी, अब वही धनबल वालों की पार्टी बन चुकी है।” उन्होंने कहा
कि पार्टी अब कुछ गिने-चुने लोगों के अधीन होकर
“व्यवसायिक इकाई” बनती जा रही है।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी — “यह तो बगावत की सिर्फ
शुरुआत है। अब जनता खुद जवाब देगी।”
संजय केजरीवाल ने स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप
में चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है, और उनके साथ कई पुराने कार्यकर्ता भी खुलकर
सामने आने लगे हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि — यह विवाद
जन सुराज की गांधीवादी छवि पर सीधा प्रहार है। अब पार्टी को जनता के बीच खुद
को “साफ-सुथरा विकल्प” साबित करने में मुश्किल हो सकती है।
हालाँकि, पार्टी नेतृत्व ने अभी तक कोई औपचारिक
सफाई नहीं दी है। सूत्रों के मुताबिक, नेतृत्व इस पूरे विवाद को “व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा
का परिणाम” बता रहा है।
लेकिन जनता के बीच यह सवाल तेजी से फैल रहा है
—
क्या “नई राजनीति” की यह यात्रा अब पुरानी राजनीति की राह पर चल पड़ी है?
अब इस बगावत के बीच एक और बड़ी खबर आई है —
प्रशांत किशोर खुद बिहार विधानसभा चुनाव 2025 नहीं लड़ेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, यह फैसला अचानक आया है, और
इससे बिहार की राजनीति में नई अटकलों ने जन्म लिया है। पहले खबर थी कि पीके
राघोपुर सीट से चुनाव लड़ सकते हैं — जो तेजस्वी यादव की परंपरागत सीट
मानी जाती है। फिर चर्चा आई कि वे करगहर विधानसभा क्षेत्र से उतरेंगे। लेकिन
अब, उन्होंने चुनाव न लड़ने का निर्णय लिया है।
अब सवाल यह उठता है कि —
क्या पीके को हार का डर सता रहा है? या यह किसी बड़ी रणनीति का हिस्सा
है?
याद रहे, यही प्रशांत किशोर पहले कह चुके हैं कि
— “अगर मैं चाहूँ, तो देश के किसी भी विधानसभा या लोकसभा क्षेत्र से जीत सकता हूँ।”
तो फिर अब मैदान से पीछे क्यों? क्या यह जनता से दूरी का संकेत है, या एक सुनियोजित
“बैकस्टेज मूव”?
इस घटना के तीन बड़े राजनीतिक असर हो सकते हैं:
छवि पर असर:
गांधीवादी और पारदर्शी राजनीति का दावा करने वाली पार्टी पर टिकट बिक्री का आरोप जनता
के बीच विश्वास को कमजोर करेगा।
स्थानीय समीकरण:
मुजफ्फरपुर नगर में जन सुराज का वोट बैंक बंट सकता है। संजय केजरीवाल के स्वतंत्र उम्मीदवार
बनने से पार्टी प्रत्याशी डॉ. ए.के. दास को बड़ा नुकसान हो सकता है।
राजनीतिक संदेश:
यह पूरा घटनाक्रम दिखाता है कि “नई राजनीति” भी पुराने विरोधाभासों से मुक्त नहीं है।
जहाँ आदर्श और महत्वाकांक्षा की टक्कर आम बात बन चुकी है।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 अब त्रिकोणीय मुकाबले
की ओर बढ़ रहा है — जेडीयू, राजद, भाजपा के बीच जन सुराज जैसी नई पार्टी
अपनी जगह बनाने की कोशिश में है। लेकिन अगर इस तरह के विवाद और असंतोष जारी रहे, तो
पार्टी का जनाधार बनने से पहले ही दरक सकता है।
आख़िर में सवाल यही है —
क्या जन सुराज उस गांधीवादी वादे पर कायम रह पाएगी जिसकी बात उसने बिहार की जनता से
की थी? या फिर यह भी बिहार की राजनीति का एक और अध्याय बनकर रह जाएगी, जहाँ आदर्शों
की जगह महत्वाकांक्षा और धन-बल ने ले ली है?
(डॉ. गौतम पाण्डेय का विश्लेषण)
अगर आप बिहार की राजनीति की हर सच्चाई जानना चाहते हैं, तो बने रहिये GPNBihar के साथ।
वीडियो के लिए यहाँ क्लिक करें: https://youtu.be/uXPAtge5FI4



Recent Comments