पूर्णिया: ईरान-इजराइल सहित अन्य देशों के बीच जारी अंतरराष्ट्रीय तनाव और युद्ध की स्थिति का सहारा लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में पेट्रोल और डीजल की कृत्रिम कमी दिखाकर ऊँचे दामों पर बिक्री किए जाने की शिकायतें प्रशासन को प्राप्त हुई हैं। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए सदर अनुमंडल पदाधिकारी पूर्णिया श्री दीक्षित श्वेताम की अध्यक्षता में शुक्रवार को सदर अनुमंडल क्षेत्र के सभी पेट्रोल पंप संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक में प्रशासन की ओर से स्पष्ट रूप से कहा गया कि यदि किसी भी पेट्रोल पंप पर डीजल या पेट्रोल की कृत्रिम कमी दिखाकर अधिक कीमत वसूली जाती है या कालाबाजारी की जाती है, तो संबंधित संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने पेट्रोलियम अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी।

 

बैठक के दौरान मौजूद पेट्रोल पंप संचालकों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि वर्तमान में सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है। किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है और सामान्य रूप से बिक्री जारी है।

 

प्रशासन ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। कई बार अफवाहों के कारण लोग अनावश्यक रूप से घबराकर ईंधन का अधिक भंडारण करने लगते हैं, जिससे कृत्रिम संकट जैसी स्थिति बन सकती है।

 

अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति या प्रतिष्ठान झूठी अफवाह फैलाते हुए अथवा पेट्रोल-डीजल की कालाबाजारी करते हुए पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन इस मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।

 

साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।