नई दिल्ली: कांग्रेस संसदीय दल की नेता
एवं राज्य सभा सदस्य सोनिया गांधी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के कुछ सांसदों ने विशेषाधिकार
हनन का नोटिस दिया है। यह नोटिस उनके द्वारा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर की गईं टिप्पणियों
के खिलाफ है। इसके अलावा भाजपा सांसदों ने निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के खिलाफ भी इसी
तरह की टिप्पणी करने के मामले में विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है।
कम से कम 40 भाजपा सांसदों ने उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ से मुलाकात
की और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी के लिए कांग्रेस संसदीय
दल की नेता एवं राज्य सभा सदस्य सोनिया गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव
पेश किया। इस नोटिस में लिखा गया, "हम सोनिया गांधी के द्वारा हाल ही में कई गईं
कुछ असंसदीय, अपमानजनक टिप्पणियों के बारे में बहुत निराशा के साथ यह लिख रहे हैं।
सोनिया गांधी की राष्ट्रपति के खिलाफ टिप्पणी पर गंभीरता से विचार करने और अनुशासनात्मक
कार्रवाई की जरूरत है।"
राज्यसभा की सदस्य सोनिया गांधी ने 31 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण
के बाद कहा था कि ‘बेचारी’ अपने संबोधन के आखिर तक थक गईं थीं और बहुत मुश्किल से बोल
पा रही थीं। इस टिप्पणी ने एक बड़े विवाद को जन्म दिया, जिसमें राष्ट्रपति भवन ने कहा
कि यह "खराब स्वाद, दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य" था। राष्ट्रपति भवन ने
एक बयान जारी कर कहा था कि टिप्पणी ने स्पष्ट रूप से उच्च पद की गरिमा को ठेस पहुंचाई
है। उसके बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कई भाजपा नेताओं ने भी सोनिया गांधी की
टिप्पणी की निंदा की। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोनिया गांधी से माफी की
मांग की।
उधर, पूर्णिया से निर्दलीय सांसद (लोक सभा सदस्य) पप्पू यादव के खिलाफ भी भाजपा सांसदों
ने लोक सभा अध्यक्ष को नोटिस दिया है। भाजपा सांसदों ने सांसद पप्पू यादव द्वारा
"सर्वोच्च पद की गरिमा को कम करने के उद्देश्य से राष्ट्रपति के खिलाफ अपमानजनक
और निंदनीय शब्दों का प्रयोग करके" संसदीय विशेषाधिकार, नैतिकता और मर्यादा के
उल्लंघन का नोटिस पेश किया। पप्पू यादव ने कहा था कि राष्ट्रपति सिर्फ एक स्टांप हैं,
उन्हें सिर्फ लव लेटर पढ़ना है। भाजपा ने इनके इन बयानों पर भी कड़ी आपत्ति जताई थी।
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर टिप्पणी के लिए सोनिया गांधी और पप्पू यादव के खिलाफ संसदीय
विशेषाधिकार हनन का नोटिस लाने वाले भाजपा सांसदों पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू
ने कहा, "इस देश के आदिवासी सांसदों ने इस मामले को बहुत गंभीरता से लिया है।
उन्होंने आज लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति के समक्ष अपना ज्ञापन सौंपा है।
लोकसभा में पप्पू यादव ने राष्ट्रपति के अभिभाषण को 'प्रेम पत्र' कहा...हमारे आदिवासी
सांसदों ने इस पर बहुत कड़ी आपत्ति जताई और अध्यक्ष को शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने
बाद में राज्यसभा के सभापति को एक पत्र सौंपा, जिसमें कहा गया कि सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति
के लिए 'बेचारी महिला' और 'थकी हुई' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया। राज्यसभा के सभापति
ने धैर्यपूर्वक सुना और अपनी टिप्पणी दी...उन्होंने इसे बहुत गंभीरता से लिया।"
हिस
सोनिया गांधी और पप्पू यादव के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस, राष्ट्रपति पर विवादित टिप्पणी का मामला

Recent Comments