पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया जिले के सुरैती
पंचायत के वार्ड नंबर 3, रहपुरा घाट टोला में शनिवार की दोपहर अचानक बिजली के
शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने चार घरों को अपनी चपेट में
ले लिया और सबकुछ राख में तब्दील हो गया। इस घटना में एक पक्का मकान और तीन फूस
के घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग
इतनी तेजी से फैली कि लोग कुछ भी बचा नहीं सके। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल बाल्टी
और पंपसेट से पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक सबकुछ जल चुका
था। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि जब आग लगी, तब घर के सभी सदस्य धान कटवाने
के लिए खेतों में गए हुए थे, इस कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस
आगजनी में करीब पांच लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। जले हुए
मकानों में रखे कपड़े, अनाज, बर्तन, फर्नीचर और जरूरी दस्तावेज सब कुछ जलकर
नष्ट हो गए। वहीं, पास में स्थित एक किराना दुकान भी आग की चपेट में आ गई। दुकान
में रखे सभी सामान, तेल, साबुन, राशन और नकद राशि जल गई। दुकानदार ने बताया
कि उसके अनुसार लगभग ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर
बिजली विभाग की टीम समय रहते तारों की मरम्मत कर देती, तो शायद यह हादसा नहीं
होता। गांव के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पीड़ित परिवारों
को मुआवजा और राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए।
गौरतलब है कि रहपुरा घाट टोला
रूपौली विधानसभा क्षेत्र में आता है। आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन होने
के कारण कोई भी राजनीतिक दल का नेता या प्रत्याशी अब तक घटना स्थल पर नहीं पहुंचा
है। लोगों में इस बात को लेकर भी नाराजगी देखी जा रही है कि चुनाव के समय नेता घर-घर
वोट मांगने आते हैं, लेकिन जब असली जरूरत होती है तो कोई नजर नहीं आता।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय
लोगों ने प्रशासन को सूचना दी, लेकिन समाचार लिखे जाने तक दमकल विभाग या प्रशासनिक
अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे थे। ग्रामीणों ने स्वयं की मदद से आग पर काबू पाने
की कोशिश की और कुछ हद तक सफलता भी मिली।
रहपुरा घाट टोला के लोगों ने
जिला प्रशासन से अपील की है कि पीड़ित परिवारों को तत्काल सहायता राशि, राहत
सामग्री, और आवास योजना के तहत मदद दी जाए ताकि वे दोबारा अपने घरों का
निर्माण कर सकें।
GPNBihar की टीम को जैसे ही इस आगजनी
की सूचना मिली, हमारे संवाददाता बिभूतिनाथ झा ने स्थल से स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल
राहत कार्य की प्रतीक्षा है और आगे की जानकारी मिलने पर हम आपको अवगत कराएंगे।
रिपोर्ट: GPNBihar न्यूज़ डेस्क



Recent Comments