पूर्णिया: जिले के बनमनखी थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिपुरमादी बिकोदर टोला में 20 मई 2026 को हुई एक महिला की संदिग्ध मृत्यु के मामले में पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर महत्वपूर्ण खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक तौर पर जहां मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या की आशंका जताई थी, वहीं विस्तृत जांच में मामला प्रेम प्रसंग और पैसों के विवाद से जुड़ा सामने आया है।
घटना की सूचना मिलते ही बनमनखी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर जांच प्रारंभ कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कराया और फोरेंसिक टीम तथा डॉग स्क्वॉड की सहायता से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलित किए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटनास्थल पर मौजूद परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और शुरुआती तथ्यों से यह संकेत मिल रहा था कि मामले में एक से अधिक लोगों की संलिप्तता हो सकती है। इसी आधार पर जांच को कई स्तरों पर आगे बढ़ाया गया।
मृतका के परिजनों ने थाना में आवेदन देकर आशंका जताई थी कि ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर महिला की हत्या की है। पुलिस ने इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सभी संभावित पहलुओं पर जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल डाटा, कॉल डिटेल्स और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को जांच के दौरान एक अहम सुराग मिला। पता चला कि मृतका का पूर्व से मोहम्मद सहाद नामक युवक के साथ प्रेम संबंध था।
जांच में यह भी सामने आया कि मृतका और आरोपी के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान से यह स्पष्ट हुआ कि घटना वाली रात आरोपी मोहम्मद सहाद मृतका के घर पहुंचा था। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने महिला की हत्या कर दी और घटना के बाद फरार हो गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 23 मई 2026 को आरोपी मोहम्मद सहाद को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद सहाद, पिता मोहम्मद अनवर उर्फ अक्तार, निवासी महाराजगंज वार्ड नंबर-07, थाना जानकीनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में उपयोग किया जा रहा मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी जब्त किया है। इन इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच आगे की कार्रवाई में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
पूर्णिया पुलिस ने बताया कि मामले में अभी अग्रेतर अनुसंधान जारी है और अन्य व्यक्तियों की संभावित संलिप्तता से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी तरह वैज्ञानिक पद्धति, तकनीकी साक्ष्य और तथ्यों के आधार पर की जा रही है, जिससे निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
इस पूरे मामले में बनमनखी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शैलेश प्रीतम के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। टीम में पुलिस निरीक्षक-सह-बनमनखी थानाध्यक्ष संजय कुमार, चकमका ओपी के पुलिस अवर निरीक्षक विवेक कुमार, बनमनखी थाना के पुलिस अवर निरीक्षक कमल कुमार, ऋषि यादव, परिशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक सुधांशु कुमार, सहायक उप निरीक्षक संजीव कुमार, तकनीकी शाखा पूर्णिया, फोरेंसिक टीम तथा पूर्णिया श्वान दस्ता दल की टीम शामिल रही।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक अनुसंधान की मदद से कम समय में मामले का खुलासा संभव हो पाया। घटना के बाद इलाके में फैली तरह-तरह की आशंकाओं के बीच पुलिस की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं स्थानीय लोगों के बीच भी इस मामले को लेकर काफी चर्चा है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या इस हत्या में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी या नहीं।
पूर्णिया पुलिस ने दोहराया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों को न्याय के कटघरे तक पहुंचाने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और जांच में सहयोग करें।
***



Recent Comments