मॉस्को: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर
पुतिन ने नए वर्ष की पूर्व संध्या पर मंगलवार को टेलीविजन पर देशवासियों को संबोधित
किया। क्रेमलिन प्रमुख ने कहा, "हां, हमें अभी भी बहुत कुछ तय करना है लेकिन जो
पहले किया जा चुका है उस पर हमें गर्व हो सकता है।" उन्होंने कहा कि 25 वर्षों
ने "आगे के विकास" का मार्ग प्रशस्त किया है।
द मॉस्को टाइम्स के अनुसार, पुतिन ने अपने भाषण में देश की उपलब्धियों की प्रशंसा की।
अपने पूर्ववर्ती बोरिस येल्तसिन से सत्ता संभालने के ठीक 25 साल बाद दिए गए संबोधन
में पुतिन ने यूक्रेन युद्ध का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया। उनका भाषण मुख्य रूप से शुभकामनाओं
पर केंद्रित रहा। पुतिन ने कहा, "प्रिय दोस्तों, बस कुछ ही मिनटों में 2025 की
शुरुआत होगी, जो 21वीं सदी की पहली तिमाही को पूरा करेगा।" उन्होंने रूसी सैनिकों
की भी प्रशंसा की।
पुतिन ने कहा, " नए साल की दहलीज पर हम भविष्य के बारे में सोच रहे हैं। हमें
यकीन है कि सब कुछ ठीक हो जाएगा। हम केवल आगे बढ़ेंगे।" उल्लेखनीय है कि 1999
में नए साल की पूर्व संध्या पर बोरिस येल्तसिन ने अप्रत्याशित रूप से इस्तीफा दे दिया
था और अपने भाषण में देश में उथल-पुथल के लिए माफी मांगी थी। तब पुतिन को कार्यवाहक
राष्ट्रपति नामित किया गया था। टेलीविजन पर नए साल की पूर्व संध्या पर दिया जाने वाला
भाषण सोवियत नेता लियोनिद ब्रेझनेव द्वारा शुरू की गई परंपरा का अनुसरण है। यह रूस
के 11 समय क्षेत्रों में से प्रत्येक में आधी रात से ठीक पहले राज्य टीवी पर प्रसारित
किया जाता है।
सौजन्य: हि.स.
Recent Comments